अयोध्या में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम के तहत विक्रमजोत में हाईवे पर अलर्ट रही पुलिस। संवाद
अयोध्या से लेकर घघौआ तक फोरलेन पर की गई बैरिकेडिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अयोध्या में रोड शो को लेकर जिले में पूरे दिन सख्त निगरानी होती रही। खासकर अयोध्या से सटे हुए बाॅर्डर एरिया में बैरियर लगाकर अराजक व राष्ट्रविरोधी तत्वों की निगरानी होती रही।
संदिग्ध वाहनों की जांच की जाती रही। अयोध्या से लेकर घघौआ तक फोरलेन पर बैरिकेडिंग लगाई गई थी। विक्रमजोत, घघौआ पुल के पास पुलिस टीमें देर रात तक मुस्तैद रहीं। होटल, बस स्टेशन व रेलवे स्टेशन पर भी टीमें चौकन्ना रहीं। लखनऊ-गोरखपुर फोरलेन पर बाराबंकी से लेकर अयोध्या फोरलेन पुल तक आठ जगह बैरियर लगाकर जांच की जाती रही।
बस्ती जिले के अंतर्गत आने वाले अयोध्या पुल के अलावा गोंडा जिले की सीमा के पुल पर, सुल्तानपुर रोड, हैदरगंज, आंबेडकरनगर रोड, महबूहगंज, कुमारगंज अमेठी रोड, गद्दोपुर गोसाईंगंज, चौरे बाजार बीकापुर सुल्तानपुर, बाराबंकी बैरियर और राम सनेही घाट पर यह बैरियर लगाए गए थे।