संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जिले में पीएमश्री योजना के तहत पहले चरण में 14 स्कूल संवारे जाएंगे। इसके लिए पहली किस्त का बजट भी जारी किया जा चुका है। अब योजना के दूसरे चरण के लिए परिषदीय स्कूलों की चयन प्रक्रिया शुरू हो गई है। जो 21 अगस्त तक आवेदन किया जाएगा। उसके बाद विभाग की ओर से निश्चित मानकों पर उनका चयन करेगा।
जिले में 1747 प्राथमिक, 639 उच्च प्राथमिक और 319 संविलियन विद्यालय संचालित हो रहे है। पीएमश्री योजना के पहले चरण 13 परिषदीय और एक माध्यमिक स्कूल का चयन हो चुका है। इन स्कूलों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2022 के अनुरूप कौशल विकास का केंद्र बनाया जाएगा। साथ ही यहां पर स्मार्ट क्लास, आधुनिक लैब, डिजिटल लैब, खेलकूद की सुविधाएं आदि का बेहतर विकास किया जाएगा। केंद्र की ओर से बजट आवंटित होने के बाद पहली किस्त जारी कर दिया गया है।
दूसरी तरफ दूसरे चरण के लिए स्कूलों की चयन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। इसके तहत केंद्र की ओर से स्कूलों का चयन उनके यू-डायस पर उपलब्ध डाटा के अनुसार किया जाएगा। 21 अगस्त तक आवेदन के बाद विद्यालयों का सत्यापन किया जाएगा। महानिदेशक स्कूल शिक्षा विजय किरन आनंद ने बीएसए को निर्देश दिया है कि वे सभी तैयारी पूरी करके समय से आवेदन करना सुनिश्चित करें। अपात्र विद्यालयों का चयन न किया जाए। कोई लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
शासन की ओर से पीएमश्री योजना में दूसरे चरण में स्कूलों का चयन के लिए पत्र आया है। सभी बीईओ को निर्देशित किया गया कि अपने क्षेत्र मानक के अनुसार स्कूलों का आवेदन कराने के लिए सुनिश्चित करें।
-अनूप कुमार तिवारी, बीएसए