बस्ती। अंतरराष्ट्रीय बाल श्रम निषेध दिवस पर विकास भवन में उप श्रमायुक्त कार्यालय में शुक्रवार को बाल श्रम रोकने का शपथ दिलाते हुए लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में सहायक श्रमायुक्त सचिन सिंह ने कहा कि कहीं भी बाल श्रम होने की जानकारी मिले तो तत्काल 1098 पर फोन करें।
उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ना होगा। श्रम नहीं शिक्षा जरूरी है। बाल श्रम के विरोध में लोगों ने हस्ताक्षर कर लोगों ने बाल श्रम पर जागरूक करने के साथ बाल श्रम कर रहे बच्चों की मदद करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहाकि साल 2027 तक प्रदेश को बाल श्रम से मुक्त किया जाना है। यह तभी होगा जब सभी विभाग और आमजन का सहयोग मिलेगा।
जिला बाल श्रम टास्क फोर्स व जनपदीय बाल श्रम उन्मूलन समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जन जागरण कार्यक्रम एवं संगोष्ठी व कार्यशाला में अखिल भारतीय महिला कल्याण संस्था से शैल जायसवाल, उप निरीक्षक एंटी ह्युमन ट्रैफिकिंग थाना ज्वाला मिश्रा, व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुनील कुमार, सूर्य कुमार शुक्ल ने बाल श्रम उन्मूलन के संबंध में अपने-अपने विचार प्रस्तुत किए।
कहा कि यदि कहीं भी नाबालिग बच्चों को मजदूरी करते हुए पाएं तो इसकी सूचना स्थानीय श्रम विभाग, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट, चाइल्ड हेल्प लाइन, बाल कल्याण समिति तथा चाइल्ड प्रोटेक्शन टीम को दें।