बस्ती। पीएम-श्री परिषदीय कंपोजिट विद्यालयों के विद्यार्थियों की खेल प्रतिभाएं निखारी जाएंगी। इन स्कूलों में सरकार की ओर से खेल संबंधी सुविधाएं उपलब्ध होने जा रही है। इसके लिए जिले के 12 पीएम-श्री विद्यालयों का चयन किया गया है। विभाग के अनुसार, खेल मैदान विद्यालय परिसर के अंदर ही विकसित होगा। ताकि, शिक्षण कार्य के साथ ही यहां के बच्चे आसानी से खेलकूद के जरिये अपनी प्रतिभा दिखा सकें।
समग्र शिक्षा की राज्य परियोजना निदेशक की ओर से मिले निर्देश के अनुसार पीएम-श्री विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को अब खेलकूद और व्यायाम की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। इसके लिए प्रोजेक्ट के प्रथम चरण में शामिल के 11 विद्यालयों में करीब 32.85 लाख से खेल मैदान और ओपन जिम बनाए जाएंगे। डीसी निर्माण राज प्रजापति ने बताया कि यह कार्य 15 मार्च तक पूरा होना है।
दूसरे चरण में एक विद्यालय में खेल मैदान समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। 16 गुणा 16 क्षेत्रफल में कंक्रीट बैडमिंटन कोर्ट, ओपेन जिम की स्थापना किया जाना है।
कोर्ट का निर्माण 8.6 गुणा 16 मीटर जिसके चारों तरफ 1.2 मीटर चौड़ी पक्की जमीन में निर्माण होगा। बास्केटबॉल पोल का निर्माण होगा।
ये विद्यालय हुए हैं चयनित : गौर ब्लॉक का पीएम-श्री कंपोजिट विद्यालय महादेव, रामनगर ब्लॉक के पीएम-श्री प्राथमिक विद्यालय दरियापुर जंगल, सल्टौआ ब्लॉक के पीएम-श्री प्राथमिक विद्यालय डगडौवा, परशुरामपुर ब्लॉक के पीएम-श्री कंपोजिट उत्तर प्राथमिक विद्यालय जगदीशपुर, हर्रैया पीएम-श्री कंपोजिट विद्यालय उभाई, विक्रमजोत ब्लॉक के पीएम-श्री कंपोजिट विद्यालय नटौआ, बहादुरपुर ब्लॉक के पीएम-श्री कंपोजिट विद्यालय कोठवा भरतपुर, सदर ब्लॉक पीएम-श्री कंपोजिट विद्यालय परसाजागीर, बनकटी ब्लॉक के पीएम-श्री कंपोजिट विद्यालय रामपुररेवटी, दुबौलिया ब्लॉक के पीएम-श्री कंपोजिट विद्यालय वेदपुर नचना, कुदरहा ब्लॉक के पीएम-श्री कंपोजिट विद्यालय पांऊ और दूसरे चरण में सांऊघाट ब्लॉक के पीएम-श्री कंपोजिट विद्यालय ऊंचगांव चयनित हुए हैं।