बरौनी-नई दिल्ली 10 घंटे, डाउन अमरनाथ 8:30 घंटे रही विलंब
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। बुधवार को भी कई एक्सप्रेस ट्रेनें घंटों की देरी से बस्ती रेलवे स्टेशन पहुंचीं। स्टेशन पर ट्रेन की प्रतीक्षा कर रहे यात्रियों को उमस भरी गर्मी के चलते परेशान होना पड़ा। बरौनी से चलकर नई दिल्ली जाने वाली क्लोन अप एक्सप्रेस 10 घंटे की देरी चल रही है। इस ट्रेन के यात्रियों की भीड़ प्लेटफार्म और वेटिंग रूम में खचाखच भरी रही।
रेलवे बोर्ड के समय सारिणी के अनुसार, जो एक्सप्रेस ट्रेनें कई घंटे की देरी से चल रही हैउनमें सबसे ज्यादा बरौनी-नई दिल्ली क्लोन अप एक्सप्रेस 10 घंटे, डाउन अमरनाथ एक्सप्रेस 8:30 घंटे, अवध एक्सप्रेस 6 घंटे, दरभंगा-नई दिल्ली क्लोन अप एक्सप्रेस तीन घंटे, जोगबनी आनंद बिहार अप एक्सप्रेस 5 घंटे ,नई दिल्ली-दरभंगा डाउन एक्सप्रेस तीन घंटे की देरी से चल रही है।
स्टेशन पर ट्रेन की प्रतीक्षा कर रहे यात्री रामकुमार ने बताया कि भागलपुर तक यात्रा करनी है। स्टेशन पर पांच घंटे से ट्रेन का इंतजार कर रहा हूं। ट्रेन इतनी विलंब होती जा रही है कि ट्रेन कब आएगी यह कह पाना मुश्किल है। उमस भरी गर्मी के चलते स्टेशन पर बैठना मुश्किल हो गया है। यात्री इंद्रेश यादव ने बताया कि नई दिल्ली तक यात्रा करनी है। स्टेशन पर पहुंचने के बाद पता चला कि ट्रेन दस घंटे से अधिक विलंब चल रही है।
परिवार के लोग बोल रहे हैं कि टिकट निरस्त कराकर दो दिन बाद बस से यात्रा कर लीजिए। अब कुछ समझ में नहीं आ रहा है। रेलवे स्टेशन पर तैनात पूछताछ ऑपरेटर सौरभ पाल ने बताया कि विलंब से चल रही ट्रेनों के समय में कुछ सुधार हो रहा है। उम्मीद है कि जल्द रेलवे बोर्ड विलंब से चल रहीं ट्रेनों को पटरी पर ले आएगा। उन्होंने बताया कि पूछताछ काउंटर पर यात्रियों को हर समय ट्रेनों की सही जानकारी दी जा रही है।