बस्ती। जिले में ठंड गर्म के इस मौसम में बुखार रोगी बढ़ रहे हैं तो बारिश के बाद एकत्र पानी से जल भराव से संक्रमण बीमारी ने पाव पसार लिया है। बारिश के बाद बच्चों से लेकर बुजुर्गों की सेहत पर विपरीत असर पड़ा है। इससे जिला अस्पताल की इमरजेंसी और मेडिकल वार्ड मरीजों से भर जा रहा है।
बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल के मेडिसिन विभाग में परामर्श लेने पहुंचे अधिकांश मरीज सर्दी-ज़ुकाम, खांसी, वायरल, फंगल इंफेक्शन से पीड़ित दिखे। इसके अलावा कमजोरी व सीने में जकड़न की परेशानी लिए मरीज चेस्ट फिजीशियन वाले कक्ष में कतारबद्ध होकर दिखा रहे थे। ब्लड जांच के बाद बताया गया कि वायरल वाले मरीजों में बुखार है। जांच में प्लेटलेट्स कम निकल रहा ऐसे मरीजों को डेंगू का संदिग्ध मरीज मानकर भर्ती करके उपचार कर रहे हैं। इसके साथ ही निजी अस्पताल की ओपीडी में भी ऐसे मरीजों की संख्या बढ़ गई है। बुखार वाले रोगियों में प्लेटलेट्स कम होने के चलते चिकित्सक विशेष सावधानी बरत रहे हैं। बृहस्पतिवार को 1046 मरीज ओपीडी में परामर्श लेने पहुंचे थे। सर्वाधिक मरीज मेडिसिन विभाग के थे। इसके बाद सीने के जकड़न वाले मरीज भी आए।
ब्लड जांच रिपोर्ट मिलने में होती है परेशानी
जिला अस्पताल में ब्लड जांच रिपोर्ट मिलने में काफी परेशानी होती है। शेड्यूल के अनुसार रिपोर्ट देने में पैथालॉजी प्रबंधन असफल दिखता है। सविता ने सुबह 10 बजे ब्लड जांच के लिए सैंपल दी थी लेकिन डेढ़ बजे तक रिपोर्ट नहीं मिल पाई। इससे वह परेशान थीं। बताया कि पहले पर्ची बनवाने में परेशानी हुई। परामर्श मिला तो ब्लड जांच कराने में दुश्वारियां झेलनी पड़ी।
जिला अस्पताल के ब्लड जांच केंद्र में रिपोर्ट समय से देने और पर्चा काउंटर पर बैठे कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि मरीजों का सहयोग करें। दवा पर्याप्त है।
- डॉ. खालिद रिजवान अहमद, एसआईसी, जिला अस्पताल, बस्ती।