शुक्रवार की रात से शुरू हुई बारिश का सिलसिला सोमवार को भी जारी रहा। तेज बारिश के चलते सड़क पर कुछ देर तक लोगों का आवागमन प्रभावित रहा। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश होने से किसानों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
सोमवार सुबह से रिमझिम रिमझिम बारिश होती रही। शाम को चार बजे के बाद अचानक मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। तेज बारिश होने के कारण सड़कों पर चल रहे लोग अचानक बारिश से बचने के लिए सुरक्षित स्थानो की ओर भागे। तेज बारिश के कारण शहर की सड़क से लेकर अन्य मार्गों पर कुछ देर के लिए आवागमन प्रभावित रहा। लोग अपने वाहनों को खड़ा कर बारिश रुकने का इंतजार करने लगे। कुछ लोग सड़क पर छाता और रेन कोट के साथ नजर आए। शाम सवा पांच बजे के करीब शहर में बारिश बंद हुई। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में इसके बाद भी बारिश होती रही। अच्छी बारिश होने से किसान हर काम छोड़ केवल खेत में धान की रोपाई में जुट गए है। उनका कहना है कि बारिश हो रही है, ऐसे में धान की रोपाई के लिए इससे बेहतर समय नहीं आने वाला है।