महराजगंज। अयोध्या-बस्ती लेन पर राष्ट्रीय राजमार्ग के हर्रैया थाना क्षेत्र अंतर्गत बिजरा गांव के सामने शुक्रवार रात करीब 12:20 बजे टमाटर लदा एक मालवाहक पिकअप सांड़ से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक और परिचालक घायल हो गए। दोनों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज भेजा गया।
जानकारी के अनुसार, बाराबंकी से टमाटर लादकर पिकअप कुशीनगर मंडी जा रहा था। बिजरा गांव के सामने अचानक एक सांड़ सड़क पर आ गया। चालक ने साड़ को बचाने का प्रयास किया, लेकिन सांड़ से टक्कर होने के बाद वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद वाहन में लदा टमाटर सड़क और आसपास के क्षेत्र में बिखर गया।
दुर्घटना में चालक बालगोविंद 26 वर्ष निवासी गंजरिया थाना जैतपुर जिला बाराबंकी और परिचालक जगरूप 30 वर्ष निवासी गढ़ी राखमऊ थाना जैतपुर जिला बाराबंकी घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से दोनों को वाहन से बाहर निकालकर एंबुलेंस के सहयोग से उपचार के लिए सीएचसी कप्तानगंज भेजवाया। दुर्घटना के बाद कुछ समय तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु कराया और क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क किनारे हटवाया। पुलिस के अनुसार, दोनों घायलों की हालत खतरे से बाहर हैं।