पुलिया से टकराई पिकअप, चालक की मौत
भानपुर (बस्ती)। डुमरियागंज मार्ग पर सोनहा थाना क्षेत्र के खुटहना गांव के सामने सिद्धार्थनगर की तरफ जा रही पिकअप अनियंत्रित होकर किनारे की पुलिया से टकराकर पलट गई। शनिवार देर रात हुए हादसे में चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
सिद्धार्थनगर के इटवा थाना क्षेत्र के सड़वा निवासी 54 वर्षीय संतराम यादव पिकअप चालक थे। शनिवार को पिकअप पर जूट का बोरा लादकर इटवा जा रहे थे।
खुटहना के समीप अचानक पिकअप पुलिया से जा टकराई। सूचना पर सोनहा पुलिस पहुंची और गाड़ी में फंसे संतराम को बाहर निकलवाया, लेकिन तब तक मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।