जानकारी के अनुसार, कलवारी थाना क्षेत्र के गंगापुर गांव से श्रद्धालु पिकअप पर सवार होकर दुबौलिया थाना क्षेत्र स्थित बाबा रामनिहाल दास कुटी उमरिया में दर्शन करने जा रहे थे। इसी दौरान थाना क्षेत्र के सेमरा मुस्तहकम गांव के निकट तटबंध पर बने गड्ढे से बचने के प्रयास में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे पिकअप सड़क पर पलट गई।
हादसे में गंगापुर निवासी नेहा पुत्री मिट्ठू, ज्योति (19) पुत्री रवि, अभिनेश (12) पुत्र रामलखन, रीमा (14) पुत्री भोला, इंद्रावती (45) पत्नी मधुबन, कुसुमा (45) पत्नी पृथ्वीनाथ, अनीशा (16) पुत्री मंगरू, संदीप (7) पुत्र धर्मराज, रामलखन (50) पुत्र रामेश्वर और स्नेहा (14) पुत्री सुरेश घायल हो गए।
सूचना पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को सीएचसी कलवारी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने सभी का प्राथमिक उपचार किया। घायलों में नेहा, रीमा, अनीशा और स्नेहा की हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि शेष छह घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष जीवन त्रिपाठी ने बताया की घायलों को इलाज के लिए मौके पर मौजूद लोगों के सहयोग से इलाज के लिए एंबुलेंस की मदद से सीएचसी कलवारी भेज दिया गया है।