बिक्री के लिए रखा भरवा लाल मिर्च। संवाद
पुरानी बस्ती। अचार की लाल मिर्च की बढ़ी मांग के बीच कारोबारी वाराणसी की मंडी से मंगा रहे। मंडी भाव की बात करें तो यह पिछले वर्ष से अधिक है। पिछले वर्ष रेट 80 रुपये किलो फुटकर था, लेकिन इस बार कीमत 100 रुपये किलो है।
पुरानी बस्ती मंडी के कारोबारी अजीजुर्हमान व मंजेश पटेल ने बताया कि मांग को देखकर रोजाना आठ से 10 क्विंटल लाल मिर्च आ रही, जिसे सिद्धार्थनगर व संतकबीरनगर तक के ठेला व्यापारी खरीदने पहुंचते। उन्हें थोक में 85 रुपये किलो बिक्री की जा रही। वह फुटकर बिक्री सौ रुपये प्रति किलो से अधिक रेट पर करते हैं।
मंडी में इन दिनों भरवा लाल मिर्च की बिक्री में तेजी देखी जा रही है। जिले में लाल मिर्च फुटकर में सौ रुपये किलो के हिसाब से बिक रही है। उद्यान विभाग से भरवा मिर्च को नकदी फसल के रूप में बढ़ावा दिया जा रहा जिससे इसकी खेती हर्रैया व कप्तानगंज क्षेत्र में इस वर्ष बढ़ी है। जनपद में उद्यान विभाग नकदी फसल के रूप में लाल मिर्च को बढ़ावा देने के लिए अनुदान देता है। लेकिन विभाग के प्रयास से भी रकबा 35 से 40 हेक्टेयर तक सिमटा है।
ऐसे में स्थानीय विक्रेता वाराणसी की मंडी से थोक में लाल मिर्च मंगा रहे हैं। दक्षिण दरवाजा रोड पर भरवा मिर्च की बिक्री करने वाले जयकरन यादव ने बताया कि फरवरी में स्थानीय लाल मिर्च आजमगढ़ मंडी से मिल रही थी जिसके कारण रेट 70-80 रुपये किलो तक फुटकर में था। अब वहां की उपज समाप्त हो गई। लिहाजा वाराणसी से मंगानी पड़ रही।