बस्ती के रुधौली में चीनी मिल पर प्रदर्शन करते किसान।
- फोटो : BASTI
गन्ना किसानों की समस्याओं को लेकर धरना
रुधौली (बस्ती)। शुगर मिल पर गन्ना किसानों का बकाया तथा अन्य समस्याओं को लेकर युवा किसान संगठन की ओर से बृहस्पतिवार को धरना दिया गया। बाद में आमरण अनशन की घोषणा की गई। जिले में 144 का हवाला देकर समझाने व मिल से वार्ता का प्रयास किया गया, लेकिन असफल हो गया।
बजाज शुगर मिल गेट पर धरने पर बैठे युवा किसान संगठन के पदाधिकारियों की मांग है कि बकाया 72 करोड़ का भुगतान, शुगर मिल की ओर से रिजेक्ट की गई प्रजाति का सही निस्तारण कराया जाए। धरने की सूचना पर क्षेत्रीय किसान भी पहुंचे जिन्हें धारा 144 का हवाला देकर रोक दिया गया। मौके पर पहुंचे एसडीएम नीरज प्रसाद पटेल, तहसीलदार प्रमोद कुमार, प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र कुमार यादव के साथ मिल प्रशासन ने वार्ता कर धरने को समाप्त कराने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी शुगर मिल के यूनिट हेड को बुलाने की मांग करने लगे। इस दौरान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरीश पटेल, उपाध्यक्ष शिवमंगल सक्सेना, राज आर्या, दारा चौधरी, नितेश सिंह, रामपाल यादव, माता प्रसाद गिरि, संजय प्रसाद शर्मा, विपिन चौहान, अजय कुमार चौधरी, बबलू आदि मौजूद थे।