बस्ती। उत्तर प्रदेश शिक्षा चयन आयोग प्रवक्ता परीक्षा (पीजीटी) में शनिवार को पहले दिन आधे से अधिक अभ्यर्थी गैरहाजिर हो गए। दोनों पॉलियों में 15,642 में से केवल 6,838 अभ्यर्थी ही परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 8,804 लोग अनुपस्थित रहे। डीएम कृत्तिका ज्योत्सना और एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर जायजा लिया। सीसीटीवी के जरिए कंट्रोल रूम से भी निगरानी हुई सख्ती के चलते कहीं से कोई अप्रिय सूचना नहीं मिली।
सुबह पहली पाली की परीक्षा 9:30 से 11:30 बजे तक जिले के 22 केंद्रों पर कराई गई। इसमें कुल 8,389 अभ्यर्थियों को शामिल होना था। केवल 3,931 अभ्यर्थी ही परीक्षा में उपस्थित हुए। जबकि 4,558 लोग गैरहाजिर हो गए। द्वितीय पॉली की परीक्षा 18 केंद्रों पर 2:30 से 4:30 बजे तक कराई गई। इसमें 7,253 लोगों को शामिल होना लेकिन, महज 3,007 लोग ही उपस्थित हुए। 4,246 अभ्यर्थी परीक्षा में अनुपस्थित हो गए। परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले ही केंद्रों के बाहर महिला-पुरुष अभ्यर्थियों की भीड़ लग गई।
परीक्षा से आधे घंटे पहले अभ्यर्थियों को प्रवेश देना शुरू किया गया। एक-एक अभ्यर्थी की गेट पर ही सघन तलाशी ली गई। पेन, आईडी और प्रवेश पत्र के अलावा मोबाइल, घड़ी आदि नहीं ले जाने दिया गया। परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षक के अलावा सीसीटीवी कैमरे से भी निगरानी होती रही। डीएम-एसपी के अलावा अन्य आला अधिकारी भी परीक्षा केंद्रों का भ्रमण करते रहे। परीक्षा केंद्रों के बाहर पुलिस फोर्स तैनात की गई थी।
इस दौरान शहर में आवागमन सुचारू रखने के लिए प्रमुख चौराहा रोडवेज, कंपनीबाग, बड़ेवन, दक्षिण दरवाजा, पचपेड़िया मार्ग पर यातायात पुलिस तैनात रही। इस दौरान आवागमन प्रभावित नहीं होने दिया गया। परीक्षा खत्म हाेने के बाद केंद्रों के बाहर भीड़ एकत्र हुई लेकिन, पुलिस की सक्रियता से कुछ ही देर में स्थिति सामान्य हो गई।