बस्ती। आवासीय कॉलोनियों में दुकान खोलने की अनुमति देने, विकसित बाजारों को नियमित करने और ध्वस्तीकरण से प्रभावित व्यापारियों के पुनर्वास की मांग को लेकर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल ने आवाज उठाई है। जिलाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में व्यापारियों ने बृहस्पतिवार को डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर समस्याओं के समाधान और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की।
प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बस्ती मंडल अध्यक्ष हरिमूर्ति सिंह मनोज ने कहा कि विकास प्राधिकरण और आवास विकास परिषद की कॉलोनियों में पर्याप्त बाजारों की व्यवस्था नहीं होने के कारण व्यापारियों ने अपने स्तर पर दुकानें और बाजार विकसित किए। अब आवासीय भवनों में व्यावसायिक गतिविधियों और कथित अवैध निर्माण के नाम पर सीलिंग व ध्वस्तीकरण के नोटिस जारी किए जा रहे हैं। इससे व्यापारियों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। प्रदेश उपाध्यक्ष परमात्मा प्रसाद मद्धेशिया ने कहा कि आवासीय भवनों में दुकानें खोलने की अनुमति देने के लिए स्पष्ट कानून बनाया जाना चाहिए। व्यापारियों का कहना है कि वे बिजली बिल, गृहकर, जीएसटी और आयकर के माध्यम से सरकार को राजस्व देते हैं, फिर भी उनके हितों की अनदेखी हो रही है।
जिला महामंत्री आलोक दुबे और युवा जिला अध्यक्ष कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि ज्ञापन में विकसित बाजारों और कॉलोनियों को नियमित करने, ध्वस्तीकरण से प्रभावित व्यापारियों के पुनर्वास तथा अवैध निर्माण के मामलों में जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की गई है। उन्होंने दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए कानून बनाने का भी आग्रह किया।
इस दौरान जिला संगठन महामंत्री भरत राम अग्रहरि बबलू, जिला कोषाध्यक्ष महेंद्र गुप्ता, नगर अध्यक्ष महेंद्र प्रताप, नगर महामंत्री धीरेंद्र चौधरी, नगर संगठन महामंत्री डॉ. प्रदीप सिंह, युवा महामंत्री सत्य प्रकाश दुबे, जिला संगठन मंत्री संजय गुप्ता, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष वंदना वर्मा, जिला महामंत्री गीता देवी, जिला कोषाध्यक्ष राजेश्वरी शर्मा, रावेश श्रीवास्तव, सुजीत कुमार गुप्ता, आकाश सोनी, अवधेश निषाद, सत्यम सिंह, मोहम्मद फुरकान, मोहम्मद नदीम, अली हुसैन, अश्विन कुमार, शुभम कुमार, सुखसागर, नितिन श्रीवास्तव, उज्ज्वल श्रीवास्तव, सौरभ श्रीवास्तव, रजनीश मौजूद रहे।