बस्ती। हापुड़ में अधिवक्ताओं पर लाठी चार्ज मामले में बुधवार को जनपद न्यायालय सहित सभी तहसीलों में धरना प्रदर्शन हुआ। इससे पहले सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में बैठक हुई। न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया गया। अधिवक्ताओं ने हापुड़ प्रशासन व पुलिस की कार्रवाई को बर्बरतापूर्ण बताया। इस दौरान जनपद न्यायालयों का कामकाज ठप रहा।
सिविल बार सभागार में संयुक्त बार की बैठक में सिविल बार, जनपद बार, दी यंग बार व कमिश्नर बार के पदाधिकारी व अधिवक्ता शामिल हुए। सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सिंह ने कहा कि बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश की वर्चुअल आपात बैठक में निर्णय लिया गया कि जब तक दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी तब तक अधिवक्ता न्यायिक कार्य नहीं करेंगे। हड़ताल जारी रहेगी। इस मौके पर सिविल बार एसोसिएशन के संयुक्त मंत्री महेंद्र कुमार पांडेय, पवन कुमार द्विवेदी, शिवाकांत पांडेय, अरविंद कुमार दुबे, उपेंद्र नाथ दुबे, रमापति पांडेय सहित तमाम अधिवक्ता मौजूद रहे।