न्यू ईयर पर सेलिब्रेटियों से भर गया कटेश्वर पार्क। स्वतंत्र फोटो
बस्ती। नव वर्ष- 2026 का पहला दिन यादगार बना। जिधर देखो उधर ही मौज-मस्ती के बीच बधाई देने का माहौल सृजित रहा। दोपहर तक शहर से लेकर हाईवे के ढाबों पर न्यू ईयर की पार्टी मनाने के लिए भीड़ जुट गई। होटल और रेस्तरां भी ग्राहकों से भर गए। ग्राहकों के अभिवादन में हर जगह गेट पर रंग बिरंगे अक्षरों में हैप्पी न्यू ईयर का बधाई भरा संदेश लिखा हुआ मिला। भीड़ की वजह से ग्राहकों को जगह मिलने के लिए इंतजार करते हुए देखा गया।
शहर के होटलों और रेस्तरां में परिवार के साथ लोग दिन भर धूम मचाए। तरह-तरह के व्यंजनों का आर्डर दिया गया। एक साथ बैठकर कोई दोपहर का भोजन किया तो डिनर पार्टी करके न्यू ईयर भरपूर इंज्वाय किया। शहर के रेस्टोरेंट कारोबारी शंकर ने बताया कि उनके यहां म्यूजिक सिस्टम के साथ ग्राहकों के बैठने के लिए व्यवस्था की गई थी। डोसा, चाऊमीन, वेज बर्गर, सैंडविच, केक, कॉफी, चॉकलेट आदि के इंतजाम रहे। होटल कारोबारी विवेक गिरोत्रा ने बताया कि उनके यहां न्यू ईयर पर रेस्टोरेंट की फूलों और गमलों से सजावट की गई है। ताकि ग्राहकों को अच्छे डिश के साथ प्रकृति की भी खास अनुभूति हो। यहां रेस्टोरेंट में रात 12 बजे के बाद ही ग्राहकों की भीड़ जुटने लगी।