हजार पांच सौ के नोट बंद होने से पब्लिक की मुसीबतें बढ़ती ही जा रहीं हैं। अधिकांश बैंक और एटीएम से भुगतान न होने के कारण लोग दरबदर भटक रहे हैं। एटीएम की हालत यह है कि गांधीनगर से लेकर कटरा कचहरी तक स्थित 20 एटीएम में से महज तीन चालू दिखे। वे भी कुछ देर में कैशलेस हो गए।
उम्मीद जताई जा रही थी कि मंगलवार को अधिकांश एटीएम चालू हो जाएंगे और बैंक भी भुगतान करना शुरू कर देगी, मगर ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। लोग रकम के लिए परेशान रहे। पूर्वांचल बैंक सहित अन्य कई बैंकों में मंगलवार को भी रुपये नहीं रहे, जिसके कारण ग्राहकों को भुगतान नहीं हो पाया। वहीं एसबीआई की कोर्ट एरिया में सुबह 10 बजे के बाद भुगतान शुरू तो हुआ मगर दिन में ढाई बजते बजते रुपये कैश खत्म हो गया। लाइन में लगे शि
क्षक राकेश प्रताप सिंह ने कहा कि वह बच्चों के एमडीएम के लिए रकम निकालने आए थे, मगर कैश खत्म होने से वापस जाना पड़ रहा है। यही हाल विकास भवन में स्थित यूनियन बैंक का रहा लोग सुबह से ही लाइन लगाकर बैंक खुलने का इंतजार कर रहे थे, बैंक खुला तो पता चला कि बैंक में कैश ही नहीं है। कमोवेश यही हाल अधिकांश बैंकों का रहा।
बैंक में रुपया न मिलने के निराश लोगों को एटीएम ने भी दगा दिया। गांधीगर स्थित आईसीआईसीआई, सेंट्रल बैंक, कंपनी बाग स्थित आईसीआईसीआई, एक्सिस बैंक, आंध्रा बैंक, एसबीआई, कलेक्ट्रेट स्थित पीएनबी, न्याय मार्ग स्थित यूनियन बैंक, अरबन बैंक, आईसीआई सीआई बैंक का एटीएम कैशलेस रहा। इसी प्रकार कटरा पुलिस बूथ के सामने स्थित आईसीआईसीआई, कटरा चुंगी स्थित एक्सिस बैंक, बड़ेबन स्थित आईसीआईसीआई, फौव्वा तिराहे पर स्थित एक्सिस, पीएनबी और पीएनबी का एटीएम भी बंद रहा। शहर के अन्य एटीएम का भी कमोवेश यही हाल रहा। कंपनी बाग स्थित एचडीएफसी का एटीएम मंगलवार को भी कैश देता रहा। डीएसओ कार्यालय के निकट और कटरा स्थित एसबीआई का एटीएम थोड़ी देर के लिए चला।