भरपुरवा के ग्रामीणों का विस्थापन कराते हर्रैया एसडीएम आनंद श्रीनेत।
- फोटो : BASTI
विस्थापित किए गए भरपुरवा के बाढ़ प्रभावित
रामजानकी मार्ग और गौरा सैफाबाद तटबंध के पास बसाया गया
दुबौलिया (बस्ती)। ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत बैरागल का भरपुरवा मजरा सरयू नदी की कटान के जद में आ गया था। ग्रामीण आशियाना तोड़कर तटबंध पर बसने जा रहे थे। 30 अगस्त को मामला संज्ञान में आने पर एडीएम रमेश चंद्र मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने हर्रैया एसडीएम को निर्देश दिए थे कि ग्रामीणों को सुरक्षित विस्थापित करने के लिए तत्काल जमीन ढूंढी जाए।
एडीएम के निर्देश के बाद महज हफ्तेभर में तहसील प्रशासन ने जमीन चिह्नित कर शनिवार को पीड़ितों को सुरक्षित विस्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एसडीएम हर्रैया आनंद श्रीनेत ने बताया कि ग्रामीणों को रामजानकी मार्ग और गौरा-सैफाबाद तटबंध के बीच बैरागल स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास सुरक्षित जमीन पर विस्थापित किया गया है। उन्होंने बताया कि रजनीश, अर्जुन, राममूरत, राहुल, सुनील, अनिल, रमेश, मुन्नु, श्यामसुंदर व राधेश्याम परिवार सहित विस्थापित किए गए हैं। सुरक्षित ठिकाना पाकर ग्रामीणों ने प्रशासन को धन्यवाद कहा। इस मौके पर प्रशिक्षु एसडीएम विनय सिंह, तहसीलदार चंद्रभूषण प्रताप व राजस्वकर्मी मौजूद रहे।