नदी की सफाई करते लोग व मशीन से मलबा हटाया गया स्रोत संगठन
बस्ती। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की गतिविधि विकासार्थ विद्यार्थी बस्ती, नगरपालिका बस्ती के संयुक्त सहयोग से संचालित कुआनो संरक्षण अभियान के अंतिम दिन बुधवार को सफाई के लिए लोग नदी में उतरे। लोगों ने कहा कि अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज की जागरूकता, युवाशक्ति के संकल्प और संस्थागत समन्वय का सशक्त प्रतीक बनकर उभरा है। कुआनो नदी, जो इस क्षेत्र की जीवनरेखा के रूप में जानी जाती है, बीते कई वर्षों से प्रदूषण, जलकुंभी के अत्यधिक प्रसार एवं ठोस कचरे के कारण प्रभावित रही है। इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने नगरपालिका के सहयोग से इस अभियान की शुरुआत की, जिसका उद्देश्य केवल समस्या को उजागर करना नहीं, बल्कि उसके समाधान के लिए जमीनी स्तर पर ठोस कार्य करना भी रहा। अभियान के अंतर्गत परिषद के कार्यकर्ताओं ने उल्लेखनीय समर्पण के साथ श्रमदान किया।
कार्यकर्ताओं ने व्यक्तिगत स्तर पर आगे बढ़कर नदी से बड़ी मात्रा में जलकुंभी, प्लास्टिक, पॉलिथीन, घरेलू अपशिष्ट एवं अन्य अवरोधों को हटाने का कार्य किया। संवाद