बस्ती। जिले की 1176 ग्राम पंचायतों में फिलहाल विकास कार्यों का भुगतान रुक गया है। 26 मई को ग्राम प्रधानों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद प्रशासन ने ग्राम निधि खातों के संचालन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी थी। डोंगल निष्क्रिय कर दिए गए थे, हालांकि, 28 मई तक सभी डोंगल फिर से सक्रिय कर दिए गए। मगर, अभी भुगतान नहीं हो पा रहा है।
बता दें कि पंचायतों में भुगतान प्रक्रिया के लिए उपयोग होने वाले डोंगल भी निष्क्रिय कर दिए गए थे। 26 मई को ग्राम प्रधानों का कार्यकाल खत्म हो गया। इसके बाद योगी सरकार की ओर से अगले 6 महीने के लिए प्रधानों को ही प्रशासक के रूप में तैनात कर दिया गया है। ग्रामीण विकास को गति देने के लिए भले ही सरकार ने प्रशासक तैनात कर दिए पर पूरी बागडोर अपने पास रखी है।
बताया गया कि कार्यकाल समाप्त होते ही ग्राम पंचायतों के डोंगल को निष्क्रिय कर दिया गया था। प्रदेश सरकार ने पंचायतों के कार्यों में निरंतरता बनाए रखने के लिए पूर्व ग्राम प्रधानों को अगले छह महीने के लिए प्रशासक के रूप में तैनात किया है। हालांकि, वित्तीय अधिकारों को लेकर अभी तक स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी नहीं किए गए हैं। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार शासन से नए आदेश मिलने तक ग्राम निधि खाते से किसी प्रकार का भुगतान नहीं किया जाएगा।