बनकटी। वीबी जी रामजी योजना के तहत अनुसूचित जाति के मजदूरों के करीब तीन महीने के पारिश्रमिक का भुगतान 21 दिन से अटका है। ब्लॉक स्तर से प्रक्रिया पूरी कर करीब 94 लाख रुपये का भुगतान नौ सितंबर को जिले को भेजा गया था, लेकिन अब तक मजदूरों के खातों में रकम नहीं पहुंची है। इससे नाराज मजदूरों ने इस सप्ताह भुगतान न होने पर ब्लॉक मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
मजदूर किताबी देवी, सोनवर्षा, गायत्री देवी, संतोष, दिनेश, रागिनी, सुराती, मंजू देवी और सुनीता ने बताया कि जुलाई से लागू योजना में 300 रुपये प्रतिदिन पारिश्रमिक और 15 दिन का काम पूरा होने के एक सप्ताह के भीतर भुगतान का प्रावधान बताया गया था। इसके बावजूद जुलाई से अब तक मजदूरी नहीं मिली है। मजदूरों का कहना है कि भुगतान नहीं होने से बच्चों की फीस और घर का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है।
ब्लॉक कार्यालय के अनुसार अनुसूचित जाति के मजदूरों का करीब 94 लाख रुपये का भुगतान नौ सितंबर को ब्लॉक स्तर की प्रक्रिया पूरी करने के बाद जिले को भेज दिया गया था। वहीं, सामान्य और ओबीसी वर्ग के मजदूरों के भुगतान की प्रक्रिया तीन सितंबर को पूरी की गई थी, लेकिन उसका भुगतान भी अब तक नहीं हुआ है। ट्रेजरी कार्यालय के अनुसार भुगतान डीडी स्तर से आगे भेजा जा चुका है और फिलहाल आरबीआई स्तर पर लंबित है।