बस्ती। बहादुरपुर ब्लॉक के माड़न गांव में एक सड़क पर दो निधियों से भुगतान कराए जाने का मामला सामने आया है। बताया गया कि पहले जो सड़क बनी थी वह विधायक निधि से बनी थी, उसी सड़क पर कार्य दिखाकर ग्राम पंचायत ने भी भुगतान करवा लिया था। इसको लेकर शिकायत की गई थी। जांच में अनियमित्ता पाई गई, जिसपर रिकवरी का आदेश जारी किया गया है।
माड़न गांव के लालचंद्र ने ग्राम पंचायत में विकास कार्यों में अनियमित्ता संबंधी शिकायत की थी। जिसके बाद मंडलायुक्त ने जांच टीम गठित की थी। मंडलीय जांच कमेटी ने ग्राम पंचायत में पहुंचकर जांच की थी। मगर, बताया गया कि जिस कार्य की शिकायत हुई थी, उसकी जांच न करके दूसरे की जांच कर रिपोर्ट लगा दी गई है। संयुक्त विकास आयुक्त बस्ती मंडल निर्मल कुमार द्विवेदी की ओर से 29 जनवरी 2026 को सीडीओ बस्ती को जारी जांच रिपोर्ट में बताया गया है कि मंडलीय प्राविधिक परीक्षक बस्ती से कराई गई थी। दो परियोजनाओं पर कुल 55 हजार 170 रुपये वसूली किए जाने की संस्तुति की जाती है।
वहीं, टीम ने जांच रिपोर्ट 22 अगस्त 2025 को ही सौंप दी थी, मगर रिकवरी आदेश जनवरी 2026 अंतिम सप्ताह में रिकवरी आदेश जारी किया गया। सीडीओ सार्थक अग्रवाल का कहना है कि जांच आख्या प्राप्त हुई है। रिकवरी संबंधी आदेश जारी कराने के लिए निर्देश दिए गए हैं।