बस्ती। जीजीआईसी में हर घर तिरंगा अभियान के तहत महोत्सव का आयोजन हुआ। इस दौरान विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। संगीत, नृत्य के दौरान कभी देशभक्ति की बयार बही तो कभी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी झलकियां देखने को मिलीं। बच्चों की मनोहारी प्रस्तुति पर अतिथि भी मंत्रमुग्ध हो गए।
डीएम रवीश गुप्ता, सीडीओ सार्थक अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र, डीआईओएस जगदीश प्रसाद शुक्ल ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्रधानाचार्य की तरफ से सभी अतिथियों का स्वागत किया गया। इसके बाद जीजीआईसी, बेगम खैर गर्ल्स इंटर काॅलेज, पांडेय गर्ल्स इंटर काॅलेज और जीआरएस सक्सेरिया इंटर काॅलेज के छात्र व छात्राओं द्वारा लोक नृत्य व देशभक्ति के गीत प्रस्तुत किए गए। छात्र रवि द्वारा अग्नि कलश सिर पर रखकर अद्भुत लोकनृत्य का मंचन यादगार बना। संस्कृति विभाग के कलाकार फैसल, अमरेश पांडेय व उनके सहयोगियों ने देशभक्ति गीतों की समा बांधा।