रूट ब्लॉक के चलते कुछ एक्सप्रेस ट्रेनों के मार्ग में किया गया है परिवर्तन
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। पूर्वोत्तर रेलवे के बस्ती-गोंडा रेल मार्ग पर बरूवाचक रेलवे स्टेशन के पास चल रहे सड़क उपरिगामी पुल निर्माण कार्य के चलते रेलवे प्रशासन की ओर से ब्लॉक दिया गया है। इसके चलते कुछ एक्सप्रेस ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किया गया है। शनिवार से बस्ती रेलवे स्टेशन से यात्रा करने वाले यात्रियों को तीन दिनों तक गोंडा-गोरखपुर से ट्रेन पकड़नी पड़ रही है।
रेलवे बोर्ड की ओर से 18, 19 और 20 जनवरी को अमृतसर-दरभंगा एक्सप्रेस ट्रेन एवं साबरमती से चलकर अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस ट्रेन को गोंडा-बढ़नी के रास्ते चलाई जाएगी। इन एक्सप्रेस ट्रेनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को ट्रेन पकड़ने के लिए बस्ती से 90 किमी दूर गोंडा रेलवे स्टेशन अधिक पैसे खर्च कर जाना पड़ रहा है। इसी तरह 18, 19, 20 और 21 जनवरी को चलने वाली कटिहार-अमृतसर एक्सप्रेस ट्रेन को गोरखपुर-बढ़नी-गोंडा के रास्ते चलाई जा रही है। 20 जनवरी को बस्ती-गोंडा के रास्ते जाने वाली गोरखपुर-अमृतसर एक्सप्रेस ट्रेन के मार्ग में भी परिवर्तन किया गया है। यह ट्रेन गोरखपुर-बढ़नी-गोंडा के रास्ते चलाई जाएगी।
रविवार को चलने वाली चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस ट्रेन गोंडा-बढ़नी के रास्ते गोरखपुर जाएगी। सोमवार को बस्ती रेलवे स्टेशन के रास्ते जाने वाली अमृतसर-सहरसा एक्सप्रेस ट्रेन गोंडा-बढ़नी के रास्ते गोरखपुर जाएगी। इन ट्रेनों से सफर करने वाले यात्रियों को ठंड के मौसम में अधिक दूरी तय कर ट्रेन पकड़नी पड़ रही है। रेल यात्रियों को कहना है कि ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन होने से ट्रेन पकड़ने के लिए गोंडा-गोरखपुर पहुंचने के लिए पूरा दिन लग जा रहा है।
तमाम यात्रियों की जानकारी के अभाव में ट्रेनें छूट जा रही है। पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि जिन ट्रेनों का मार्ग परिवर्तन किया गया है, उसकी सूचना पहले से टिकट का रिजर्वेशन करा चुके रेल यात्रियों के मोबाइल नंबर पर मैसेज कर दी जा रही है।