ट्रेन के इंतजार में स्टेशन पर बैठे यात्री-संवाद
बस्ती। गर्मी के चलते स्टेशन पर ट्रेनों का इंतजार करना यात्रियों के लिए भारी पड़ रहा है, तेज धूप और भीषण गर्मी में कई घंटे तक प्लेटफार्म पर यात्रियों को बैठना पड़ रहा है और उन्हें कई तरह की मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को जाने वाली फिरोजपुर-झंझारपुर समर स्पेशल 8:30 घंटे तो भागलपुर-गांधीधाम समर स्पेशल एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 4:30 घंटे देर से आई।
पूर्वोत्तर रेलवे के बस्ती रेलवे स्टेशन के रास्ते जाने वाली कई समर स्पेशल ट्रेनें अपने निर्धारित समय से काफी देरी से चल रही है, जिससे यात्रियों को काफी परेशान होना पड़ रहा है, रेलवे समय सारणी के अनुसार फिरोजपुर-झंझारपुर समर स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन को दोपहर 12 बजे आने का समय था, लेकिन 8:30 घंटे लेट होने से यह ट्रेन शाम को 8:30 बजे के बाद आने की संभावना है।
इसके साथ ही भागलपुर-गांधीधाम स्पेशल ट्रेन 4:30 घंटे, अवध आसाम 2 घंटे, बाघ एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, बरौनी-नई दिल्ली क्लोन स्पेशल एक्सप्रेस 3 घंटे, दरभंगा-नई दिल्ली क्लोन स्पेशल 3:30 घंटे, चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस 3 घंटे, जननायक एक्सप्रेस 3 घंटे और समस्तीपुर स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन अपने निर्धारित समय से 4:30 घंटे की देरी से चल रही है।
प्लेटफार्म पर ट्रेन की प्रतीक्षा कर रहे डुमरियागंज के यात्री मोहम्मद शमसुद्दीन ने बताया कि तेज धूप और भीषण गर्मी में दोपहर से ट्रेन के इंतजार में प्लेटफार्म पर बैठा हूं। ट्रेन कब आएगी और कब जाएगी। इसकी सही जानकारी किसी के पास नहीं है।