गुवाहाटी कटरा अप स्पेशल ट्रेन आठ घंटे लेट रही, कुशीनगर को एक घंटे रीशेड्यूल किया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। मंगलवार को गुवाहाटी से कटरा को जाने वाली स्पेशल अप एक्सप्रेस ट्रेन आठ घंटे लेट रही। कुशीनगर एक्सप्रेस ट्रेन को एक घंटा रीशेड्यूल किया गया। इन ट्रेनों से यात्रा करने वाले यात्री काफी परेशान दिखे। कुछ यात्री स्टेशन पर पूरे दिन प्रतीक्षा करते रहे कि ट्रेन कभी भी आ सकती है।
पूर्वोत्तर रेलवे के बस्ती रेलवे स्टेशन से होकर जाने वाली अधिकांश एक्सप्रेस ट्रेनें पिछले एक माह से लेट आ रही है।ट्रेनों से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए सबसे बड़ी समस्या यह है,कि उन्हें यह नहीं पता कि आखिरकार ट्रेन कब आएगी और कब जाएगी।क्योंकि रेलवे बोर्ड की ओर से हर थोड़ी देर बाद ट्रेन को रीशेड्यूल कर दिया जाता है और इस सूचना को स्टेशन प्रबंधन हर थोड़ी देर बाद यात्रियों को सूचना देता रहता है।रेल की इस व्यवस्था से यात्री दुविधा में रहते हैं।यदि एक ही बार में ट्रेन 24 घंटे री शेड्यूल हो जाए तो वह आराम से घर चले जाएं और अगले दिन ट्रेन पकड़ लें।लेकिन ऐसा नहीं होता।थोड़ी-थोड़ी देर बाद ट्रेनों के समय में परिवर्तन होता रहता है। जिससे यात्री भी असमंजस की स्थिति में पूरे दिन ट्रेन पकड़ने के लिए प्लेटफार्म पर बैठे रहते हैं।लालगंज क्षेत्र के यात्री जगदंबा प्रसाद ने बताया कि जम्मू कटरा जाने के लिए समय से स्टेशन पर आ गया।लेकिन स्टेशन पर पहुंचने पर पता चला की गाड़ी 8 घंटे देरी से चल रही है। तो उन्होंने सोचा कि घर जाने से अच्छा है कि प्लेटफार्म पर ट्रेन का इंतजार किया जाए।लेकिन दोपहर की गर्मी में वह काफी परेशान हो गए।उन्होंने बताया कि ट्रेन का जो निर्धारित समय है।उसी के अनुसार मैं घर से निकला था।मगर यहां पहुंचने पर पता चला की ट्रेन काफी विलंब से है।रुधौली दासिया के यात्री शिवकुमार ने बताया कि कुशीनगर एक्सप्रेस ट्रेन से यात्रा करनी है।लेकिन यह ट्रेन अपने निर्धारित समय से एक घंटा रीशेड्यूल के अनुसार विलंब हो गई है।अब पता नहीं कितना विलंब होगी।कुछ कहा नहीं जा सकता है।पहले पता रहता तो घर से लेट निकलता।
थोड़ी-थोड़ी देर बाद बदलता रहता है समय
रीशेड्यूल होने वाली ट्रेनों के समय में अक्सर थोड़ी-थोड़ी देर बाद ट्रेनों की विलंब होने की सूचना यात्रियों को स्टेशन पर पूछताछ काउंटर के माध्यम से मिलती रहती है।
प्लेटफार्म पर पूरे दिन गुजारा समय
बड़े शहरों में जाने वाले ज्यादातर यात्री ट्रेन लेट होने की वजह से प्लेटफार्म पर पूरे दिन समय व्यतीत करने को मजबूर हैं।इसमें सबसे ज्यादा परेशानी छोटे बच्चे और महिलाओं को ज्यादा उठानी पड़ती है।यात्रियों के पास इतना बजट नहीं है कि वह होटल में रहे और खाने-पीने की चीज मांगते रहे।
ये ट्रेन रहीं विलंब
मंगलवार को जो एक्सप्रेस ट्रेनें विलंब से चल रही है।उनमें गुवाहाटी-कटरा स्पेशल अप एक्सप्रेस ट्रेन 8 घंटे, गरीब रथ स्पेशल 7 घंटे,बरौनी-नई दिल्ली क्लोन एक्सप्रेस ट्रेन 7 घंटे,दरभंगा-नई दिल्ली एक्सप्रेस ट्रेन 3 घंटे,राप्तीसागर एक्सप्रेस 8 घंटे,मुंबई-गोरखपुर स्पेशल 5 घंटे,कुशीनगर एक्सप्रेस ट्रेन एक घंटे देरी से चल रही है।