रेलवे स्टेशन पर कम दिखे यात्री, रोडवेज पर भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। कटिहार-अमृतसर एक्सप्रेस ट्रेन का मार्ग परिवर्तन व दो ट्रेनों के रद्द होने से रोडवेज पर यात्रियों की संख्या बढ़ गई। शनिवार की दोपहर में रेलवे स्टेशन पर यात्री कम नजर आए तो रोडवेज पर यात्रियों की संख्या अधिक नजर आई। गोरखपुर जाने वाली बस कुछ समय में भर गई। देवरिया जाने के लिए परिचालक से बस की जानकारी लेते महेश ने कहा कि कब कौन सी ट्रेन रद्द हो जाए कुछ नहीं कहा जा सकता।
शनिवार को मौर्य ध्वज एक्सप्रेस और आनंद बिहार टर्मिनल एक्सप्रेस के रद्द होने से रेलवे स्टेशन पर कम यात्री नजर आए। दिल्ली से कामाख्या जाने वाली आनंद बिहार टर्मिनल एक्सप्रेस और बरौनी को जाने वाली मौर्य ध्वज एक्सप्रेस को बस्ती से पकड़ने वाले यात्रियों को रोडवेज बसों का सहारा लेना पड़ा। कटिहार-अमृतसर एक्सप्रेस के मार्ग में परिवर्तन के कारण भी रोडवेज के यात्रियों की संख्या में इजाफा नजर आया।
दोपहर एक बजे रोडवेज परिसर में गोरखपुर, बढ़नी, बांसी, सिद्धार्थनगर की बस कुछ ही समय में यात्रियों से भरी नजर आई। कानपुर के बस में भी कुछ यात्री सवार नजर आए। जबकि परिचालक बस रवाना करने से पूर्व यात्रियों की तलाश करते नजर आए।
..
10 से अधिक बस कुंभ मेला के लिए रवाना
प्रयागराज में 13 जनवरी से शुरू हो रहे कुंभ मेला में यात्रियों को पहुंचाने के लिए रोडवेज से 10 से अधिक बस रवाना हो चुकी हैं। शनिवार को लखनऊ और कानपुर समेत प्रयागराज की दो बस रोडवेज डिपो से दोपहर एक बजे कुंभ मेला के लिए रवाना होती नजर आईं। इससे पहले शटल सेवा की नौ बस कुंभ मेला में भेजी जा चुकी है। बसों के कुंभ मेला में जाने की वजह से शेष बसों पर यात्रियों का दबाव बना है। ऐसे में बचे बसों में पर्याप्त यात्री मिल रहे हैं ।
..
यात्री बोले
ट्रेन कब रद्द हो जाए या कब मार्ग परिवर्तित कर चलाई जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता। मौर्य ध्वज एक्सप्रेस से यात्रा करनी थी। रेलवे स्टेशन पर गया तो पता चला ट्रेन रद्द हो गई है। इसके बाद रोडवेज पर बस पकड़ने के लिए आना पड़ा।
- कृष्णचंद, यात्री
..
ट्रेन पकड़ने के लिए रेलवे स्टेशन जाकर लौटना पड़ा। क्योंकि वहां पता चला कि दो ट्रेन रद्द है और एक ट्रेन का रूट बदलकर गोरखपुर के रास्ते चलाया जा रहा है। ट्रेन न देखकर बस पकड़ने के लिए आई हूं।
- बबिता, यात्री
बंद पड़ा ग्राम रामबोझा का आरोग्य मंदिर।संवाद