प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षक और अभिभावक की होगी बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जिले के परिषदीय विद्यालयों की व्यवस्था से अब अभिभावक सीधे जोड़े जाएंगे। इसके लिए प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षक-अभिभावक की बैठक होगी। स्कूलों में अभिभावक डेस्क भी बनेगा। अभिभावक पढ़ाई-लिखाई के बारे में शिकायत भी दर्ज करा सकेंगे।
जिले में 2059 परिषदीय विद्यालय संचालित होते हैं। लोगों की परिषदीय स्कूलों को लेकर धारणा नकारात्मक है। बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने के लिए अभिभावक निजी स्कूलों की ओर ज्यादा आकर्षित होते है। क्योंकि इनमें हर महीने मासिक टेस्ट होता है। अभिभावकों के साथ बैठक कर बच्चों के बारे में बताया जाता है। जबकि परिषदीय विद्यालयों में यह व्यवस्था नहीं है।
बीएसए अनूप कुमार ने बताया कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधारने के लिए काफी प्रयास किया जा रहा है। बच्चों के बौद्धिक विकास में अभिभावकों की भागेदारी सुनिश्चित कराने के लिए पहल की गई है। अभिभावकों में शिक्षा के प्रति जागरूकता लाने के प्रयास ब्लॉक स्तर पर किए जा रहे हैं। स्कूलों में शिक्षक और अभिभावक को बैठक के लिए सभी प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिए गए हैं।
...
अभिभावक डेस्क से मिलेगी ये जानकारी
विभाग के अनुसार, अभिभावक डेस्क से सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार भी होगा। समग्र शिक्षा योजना, बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ, कन्या सुमंगला योजना आदि की जानकारियां दी जाएंगी। आउट ऑफ स्कूल बच्चों के बारे अभिभावकों को बताया जाएगा। उन्हें स्कूल में वापसी का प्रयास भी डेस्क के माध्यम से होगा। वहीं अभिभावकों की ओर से यदि कोई शिकायत की जाती है तो उसका रिकॉर्ड सुरक्षित करने के लिए रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा।