बस्ती। कप्तानगंज कस्बा निवासी एयरफोर्स से सेवानिवृत्त पंकज मिश्र शुक्रवार देर शाम आए परिणाम में राज्य लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित परीक्षा में सफल होकर डिप्टी कलेक्टर बन गए। मूल रूप से नगर पंचायत की सीमा में स्थित सरैया मिश्र गांव के रहने वाले पंकज के पिता उत्तर प्रदेश पुलिस में सब इंस्पेक्टर थे। इनके बड़े भाई राजेश मिश्र इंटर कॉलेज में प्रवक्ता है, और एक भाई पुलिस सब इंस्पेक्टर है। इससे पहले पंकज लगातार दो बार से आयोग में साक्षात्कार दे चुके हैं। शुक्रवार को घोषित परिणाम में उनको 34वीं रैंक मिली है। उनके बड़े भाई राजेश मिश्रा ने बताया कि गांव के लाल के डिप्टी कलेक्टर बनने से पूरे कस्बे में खुशी मनाई जा रही है।