बस्ती। शहर के 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र पुरानी बस्ती में मंगलवार को पॉवर ट्रांसफार्मर के इनकमिंग फीडर का पैनल अचानक सुबह ब्लास्ट कर गया। पैनल जलने से करीब आधे शहर के कई इलाकों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इससे भीषण गर्मी के बीच लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली गुल होने से घरों में अंधेरा छा गया और उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल रहे।
सुबह करीब 10:30 बजे बिजली बाधित होने से पुरानी बस्ती क्षेत्र के हंडिया, पांडे बाजार, स्टेशन रोड, मंगल बाजार, दक्षिण दरवाजा, पचेड़िया रोड और मड़वानगर, दक्षिण दरवाजा, नरहरिया, मिश्रौलिया, पटेल चौक समेत कई मोहल्ले प्रभावित रहे। वहीं, नौ घंटे बीत जाने के बाद शाम करीब 8:45 बजे तक बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। इससे लोग पूरे दिन बिना बिजली के रहे। इस भीषण गर्मी के चलते बिलबिला उठे। बिजली निगम अधिकारियों का कहना है कि सुबह 10:30 बजे के करीब अचानक इनकमिंग फीडर में जोरदार आवाज आई। ब्लास्ट के बाद धुंआ निकलने लगा, कर्मी तत्काल अलर्ट हो गए।
सूचना उच्चाधिकारियों को मिली तो वह भी मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह से शाम तक बिजली न मिलने से लोगों के घरों के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण शो-पीस बन गए। बिजली न होने से पानी मोटर नहीं चल पाए और घरों में पेयजल संकट गहरा गया। नहाने-धोने से लेकर अन्य परेशानियां हुई। अवर अभियंता प्रशांत कुमार ने बताया कि इनकमिंग फीडर का पैनल जल जाने के कारण आपूर्ति बाधित हुई है। वहीं, मौके पर एसई खालिद सिद्दीकी, एक्सईएन शुभम पांडेय, एसडीओ प्रभाकर मय टीम पैनल दुरुस्त करवाने में जुटे रहे।
वहीं, काफी देर तक बिजली न मिलने से नाराज उपभोक्ता फीडर पर पहुंच गए। सुबह से शाम तक वहां जमावड़ा लगा रहा। बताया गया कि इस उपकेंद्र पर करीब 11 हजार उपभोक्ता हैं। इस पावर हाउस से 60 हजार से अधिक की आबादी जुड़ी हुई है।
वहीं, पूरे दिन बिजली न होने से थोक गल्ला मंडी पांडेय बाजार में हाहाकार मच गया और कारोबार प्रभावित रहा, इससे व्यापारी परेशान दिखे।