पैकोलिया क्षेत्र पड़ियाडीह गांव में मंगलवार रात हुई वारदात
पत्नी की तहरीर पर 10 नामजद समेत 12 लोगों पर केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
पैकोलिया। पड़ियाडीह गांव में भूमि विवाद में मंगलवार को हुए घमासान में पुलिस ने 10 नामजद व दो अज्ञात पर हत्या व बीएनएस की अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। वारदात में राजेंद्र की मौत हो गई थी। सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। राजेंद्र के परिवार के लोगों का आरोप है कि सुनियोजित तरीके से यह हत्या की गई है। जबकि बारिश में गिरी दीवार की ईंट हटाने के लिए सुबह पंचायत भी हुई थी।
राजेंद्र की पत्नी राधा देवी ने तहरीर में बताया है कि उसकी पैतृक जमीन पर विपक्षी विश्वनाथ और फूलचंद की दीवार बारिश में गिर गई थी। दीवार की ईंट को हटाने के लिए पति कई बार कह चुके थे। इसके लिए कई बार पंचायत भी हुई। मंगलवार की सुबह भी दोनों पक्षों के बीच पंचायत में ईंट को हटा लेने की बात हुई। इसके बावजूद विपक्षियों ने नहीं हटाया। बाद में वह और पति, बेटी साधना, माधुरी और बेटा गोविंद ईंट को हटाने लगे।
इसी दौरान विपक्षी कन्हैया तिवारी उर्फ रवींद्र नाथ निवासी शंकरपुर थाना परशुरामपुर और गांव के ही रामचंद्र के ललकारने पर विश्वनाथ, फूलचंद्र, संदीप, इंद्रेश, कौशलेंद्र, आदित्य, आयूष, विद्यावती और दो अज्ञात सरिया, डंडा, भाला व सब्बल हाथों में लेकर आए और उसे, पति, बेटी साधना, माधुरी बेटे हरीश व गोविंद को एकजुट होकर जान से मार डालने की नियत से मारने-पीटने लगे। इससे सभी को चोटें आईं।
पत्नी का आरोप है कि पति राजेंद्र के सिर पर सब्बल-सरिया से वार किया गया। उन्हें मरा समझकर आरोपी मौके से भाग गए। आनन-फानन पति को इलाज के लिए सीएचसी परशुरामपुर पहुंचाया गया। जहां डाॅक्टर ने जिला अस्पताल अयोध्या रेफर कर दिया। अयोध्या में डाॅक्टर ने मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष रामफल चौरसिया ने बताया है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।