पंचायत चुनाव : नए सिरे से तैयार होगी आरक्षण सूची
बस्ती। त्रिस्तरीय पंचायतों के आरक्षण की सूची तैयार करने के लिए 14 जिला स्तरीय अधिकारियों को नामित किया गया है। ये नए सिरे से आरक्षण सूची तैयार करेंगे। दो मार्च को जारी आरक्षण सूची हाईकोर्ट के आदेश के बाद अमान्य हो गई है। कोर्ट ने नए सिरे से सूची तैयार करने का निर्देश दिया है।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के आरक्षण के लिए हाईकोर्ट के फैसले से विभिन्न पदों पर दावेदारी ठोंक रहे उम्मीदवारों के पांव थम से गए हैं। सीटों में बदलाव न हो जाए, इसकी चर्चा चारों ओर हो रही है। दरअसल, दो मार्च को आरक्षण सूची जारी होने के बाद दावेदारों ने मतदाताओं को रिझाना शुरू कर दिया था।
सभी अपने-अपने मकसद जाहिर और लोक-लुभावने वादे करने में व्यस्त थे, लेकिन हाईकोर्ट के आदेश ने प्रत्याशियों को मायूस कर दिया। उधर, शासनादेश मिलते ही प्रशासन ने नई सूची तैयार करने के लिए 14 जिला स्तरीय अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंप दी। डीएम सौम्या अग्रवाल ने बृहस्पतिवार को निर्देश दिया कि आरक्षण सूची नामित अधिकारी अपनी देखरेख में तैयार कराएंगे।
डीएम के निर्देश पर रुधौली व दुबौलिया ब्लॉक की आरक्षण सूची तैयार कराने की जिम्मेदारी जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी को दी गई है। ऐसे ही सांऊघाट तथा सल्टौआ गोपालपुर जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी, रामनगर और कप्तानगंज अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, बहादुरपुर टीपी गुप्ता जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी, हर्रैया डीएओ, विक्रमजोत डीडी कृषि, गौर तथा परशुरामपुर भूमि संरक्षण अधिकारी, सदर जिला कार्यक्रम अधिकारी, बनकटी अधिशासी अभियंता जल निगम, कुदरहा अधिशासी अभियंता आरईडी को नामित किया गया है।