टोल बचाने में सड़क ध्वस्त कर रहे ओवरलोड वाहन
- जिले में हैं तीन टोल प्लाजा, तीनों से बचकर निकलती हैं गाड़ियां
- छावनी के चौकड़ी, मड़वानगर व अकसड़ा टोल प्लाजा से बचने को बनाया शॉर्टकट राह
- रामजानकी मार्ग के रास्ते कुदरहा से मुंडेरवा-कांटे पहुंचते हैं ट्रक-बस
महादेवा/बस्ती। जिले के तीनों टोल प्लाजा से बचने के लिए भारी वाहनों ने कुदरहा-मुंडेरवा मार्ग की हालत खराब कर दिया है। इसके लिए न तो परिवहन विभाग कोई सार्थक कदम उठा रहा है और न ही जिला प्रशासन चेत रहा है। नतीजा यह हो रहा है कि इस सड़क पर जहां जानलेवा गड्ढे बन चुके हैं, वहीं राहगीरों के लिए जान का खतरा भी बढ़ गया है।
लखनऊ-गोरखपुर फोरलेन स्थित जिले के चौकड़ी व मड़वानगर के अलावा नगर थाना क्षेत्र के अकसड़ा में टोल प्लाजा स्थापित किया गया है। जहां हर कॉमर्शियल व भारी वाहनों को टोल अदा करना होता है। इन तीनों टोल प्लाजा से बचने के लिए अयोध्या से बस्ती होकर गोरखपुर तक जाने वाले कॉमर्शियल व भारी वाहन छावनी के चौकड़ी टोल प्लाजा से पहले ही रामजानकी मार्ग पकड़ लेते हैं और कलवारी से कुदरहा पहुंच कर महादेवा से मुंडेरवा पहुंच जाते हैं। वहीं बनारस, प्रयागराज, आजमगढ़, जौनपुर व आंबेडकरनगर होकर टांडा पुल पार कर बस्ती व गोरखपुर जाने वाले वाहन भी नगर थाना क्षेत्र के अकसड़ा टोल प्लाजा व बस्ती के मड़वानगर टोल प्लाजा से बचने के चक्कर में कलवारी से कुदरहा होकर मुंडेरवा मार्ग को ही सबसे सुविधाजनक पाते हैं। लिहाजा दोनों हाईवे से गुजरने वाले वाहन जिले के तीनोें टोल प्लाजा से बचते हुए इस साधारण से जिला मार्ग को मिनी हाईवे के रूप में इस्तेमाल करने लगे हैं। जिससे सड़क की स्थिति दयनीय हो चुकी है और दिन-रात भारी वाहनों के आवागमन से यहां स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों, बाजार के लोगों, ग्रामीणों व राहगीरों के लिए बड़ा संकट खड़ा हो चुका है।
---
औचक जांच कर होगी कार्रवाई
नवागत एआरटीओ प्रशासन व प्रवर्तन पंकज कुमार सिंह ने बताया कि अभी यहां की स्थिति के बारे में पूरी जानकारी नहीं है। अब असली बात संज्ञान में आ गई है। इस शार्टकट सड़क पर औचक जांच की जाएगी और सभी भारी वाहनों के खिलाफ कार्रवाई कर इस पर अंकुश लगाया जाएगा।