भानपुर में व्यापारी का बैंक से रुपये का झोला और पासबुक चोरी
एसबीआई की शाखा भानपुर में हुई घटना, पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच
भानपुर। सोनहा क्षेत्र के भानपुर स्थित एसबीआई शाखा के अंदर से 80 हजार रुपये से भरा झोला चोरी हो गया है। बैंक के भीतर हुई घटना ने बैंक की सुरक्षा व्यवस्था और ड्यूटी पर तैनात पुलिस की मुस्तैदी पर भी प्रश्न चिह्न खड कर दिया है। पीड़ित की तहरीर पर सोनहा पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
भानपुर कस्बा निवासी पीड़ित घनश्याम गुप्ता ने पुलिस को दिए तहरीर में लिखा है कि वह एक सितंबर की शाम तीन बजे कस्बे के एसबीआई की शाखा मे 80 हजार रुपये नकद अपने व बच्चों के खाते में जमा करने गए थे। जिसमें रुपये के साथ दस पासबुक बचत खाते के और भरा हुआ वाउचर भी था। तहरीर में कहा है कि जब वह काउंटर पर पहुंचे तो उन्हें रुपये जमा करने के लिए ग्रीन कार्ड बनवाने के लिए कहा गया। इसकी जानकारी के लिए जब वह शाखा प्रबंधक से बात करने के लिए गए, तभी किसी ने उनका रुपये और पास बुक वाला झोला चोरी कर लिया। तुंरत ही उन्होंने इसकी सूचना शाखा प्रबंधक व पुलिस को दी। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। व्यापारी घनश्याम गुप्ता के साथ बैंक में हुई घटना को लेकर व्यापारियों ने आक्रोश जताया। व्यापार मंडल अध्यक्ष सुरेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि शीघ्र ही घटना का खुलासा न होने पर व्यापारी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
प्रभारी निरीक्षक सोनहा शंशाक शेखर राय ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बैंक से मिली सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस की टीम गठित कर दी गई है। शीघ्र ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।