बभनान। चीनी मिल पर गन्ना लेकर जा रहा ट्रक बेकाबू होकर भनान रेलवे-स्टेशन चौराहे पर एक स्कूल के पास बुधवार की रात पलट गया। हादसे के बाद सड़क के दोनों तरफ जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस व स्थानीय लोगों के सहयोग से सड़क पर फैले गन्ने को किनारे किया गया, तब जाकर यातायात बहाल हुआ।
जानकारी के अनुसार, बुधवार की रात करीब 11 बजे बभनान रेलवे स्टेशन के पीछे चीनी मिल मार्ग से गन्ना लेकर आ रहा ट्रक एक स्कूल के गेट के पास अचानक सड़क पर पलट गया। ट्रक के पलटते ही गन्ना सड़क पर फैल गया। स्थानीय लोगों का कहना था कि शुक्र था कि कोई गन्ना लदे ओवरलोड ट्रक की चपेट में नहीं आया। लोगों की सूचना पर पहुंची बभनान पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सड़क पर फैले गन्ने को किनारे कराया। बृहस्पतिवार की सुबह फैले गन्ने को दूसरी गाड़ी पर लादकर चीनी मिल पहुंचाया गया।
इस संबंध में चौकी प्रभारी बभनान घनश्याम वर्मा ने बताया कि गन्ना लदा ट्रक पर पलट गया था। सुबह गन्ने को दूसरे साधन से चीनी मिल भेजा गया है। संवाद