महराजगंज। थाना हर्रैया क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे पर मंगलवार सुबह करीब पांच बजे रजौली गांव के सामने अयोध्या-गोरखपुर लेन पर गिट्टी लदा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया और पलट गया।
हादसे के बाद कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा, लेकिन राहत की बात यह रही कि चालक सुरक्षित बच गया। ट्रेलर चालक सतवीर निवासी फतेहपुर कबरही गिट्टी लेकर गोरखपुर जा रहा था। रजौली गांव के सामने पहुंचते ही अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर पर चढ़कर पलट गया। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एनएचएआई की टीम भी पहुंच गई। दुर्घटना के कारण हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थम गई और कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई। एनएचएआई की टीम ने तत्काल क्रेन की मदद से ट्रेलर को सड़क किनारे कराया और यातायात को सुचारु कराया। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर में लदी गिट्टी सड़क पर बिखर गई, जिससे आवागमन में परेशानी हुई।