बनकटी। लालगंज थाना क्षेत्र के बानपुर से लालगंज बंधा मार्ग पर सोमवार की शाम अनियंत्रित बाइक पोल से टकरा गई। हादसे में सिसई पंडित गांव निवासी बाइक सवार अमर उर्फ रंजय (12) पुत्र विजय कुमार की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बाइक चालक मनीष (16) व पीछे बैठे अवनीश (15) को गंभीर चोटें आई हैं।
जानकारी के मुताबिक सिसई पंडित गांव निवासी मनीष, अवनीश और अमर उर्फ रंजय शाम करीब चार बजे बानपुर चौराहे से घर जा रहे थे। बानपुर चौराहे से लालगंज बंधा मार्ग पर स्थित पेट्रोल पंप के निकट देईमाता मंदिर मोड़ पर पहुंचे ही अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे पोल से टकरा गई। टक्कर इतना जोरदार था कि हादसे में रंजय की मौत हो गई जबकि दोनों साथी घायल हो गए। सूचना पर पहुंची 112 पीआरवी पुलिस टीम ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
मृतक दो भाई व एक बहन में सबसे बड़ा था। रंजय की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता विजय कुमार परदेश में रहकर मेहनत मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घायलों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है जबकि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।