सास का बचाव करने आई बहू के पेट पर लात मारने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। एसीजेएम (तृतीय) राजबाबू ने मारपीट में गर्भपात के आरोप में पांच लोगों पर केस दर्ज करने का आदेश सोनहा पुलिस का दिया है। सोनहा क्षेत्र के धौलापुर निवासी फूलमती ने अधिवक्ता के जरिए न्यायालय में प्रार्थनापत्र देकर बताया कि 9 नवंबर 2023 को गांव के दिलीप कुमार, प्रदीप, अभिषेक व छोटू ने बेटे को मारपीट कर हत्या कर दी थी।
इस मामले में दिमागी रूप से कमजोर पति को झांसे में लेकर उक्त लोगों ने हादसे का केस दर्ज करा दिया। इसकी शिकायत फूलमती ने पुलिस अधिकारियों से की थी। शिकायत की जांच करने पुलिस चारों के घर पहुंची थी। इसी बात से नाराज उक्त लोगों ने बहाऊ के साथ मिलकर 12 फरवरी 2024 की रात को घर पर चढ़ आए और शिकायत वापस लेने का दबाव बनाने लगे।
मना करने पर मारपीट करने लगे। बचाव में मेरी दोनों बहुएं आ गईं। बहू काजल गर्भवती थी, उसके पेट पर छोटू ने लात मार दिया। इससे रक्त स्राव होने लगा। अगले दिन सुबह बहू को लेकर डॉक्टर के यहां पहुंची तो चिकित्सकों ने जांच कर गर्भ में पल रहे शिशु को मृत घोषित कर दिया। साक्ष्यों के आधार पर न्यायाधीश ने सोनहा पुलिस को केस दर्ज कर 15 दिन में आख्या तलब किया है।