रुधौली(बस्ती)। निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता बरतने के आरोप में रुधौली विधानसभा क्षेत्र की एक बीएलओ पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
निर्वाचन रजिस्टर अधिकारी एवं एसडीएम भानपुर हिमांशु कुमार ने इस मामले में खंड शिक्षा अधिकारी रुधौली अशोक कुमार को संबंधित बीएलओ के विरुद्ध केस दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। जानकारी के अनुसार, एसडीएम ने निरीक्षण के दौरान पाया कि संविलियन उच्च माध्यमिक विद्यालय सिसवारी मुगल (बूथ संख्या 426, कक्ष संख्या दो) पर तैनात बीएलओ कामिनी पांडेय ने एसआईआर सत्यापन कार्य में घोर लापरवाही बरती है। इस पर उन्होंने निर्वाचन कार्य की गंभीरता को देखते हुए यह कार्रवाई करने का आदेश दिया।
अधिकारियों का कहना है कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, और जिम्मेदार कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। संवाद