बस्ती। माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए विभाग ने नई पहल शुरू की है। अब कक्षा नाै से 12 तक के छात्रों को ऑनलाइन कोचिंग के माध्यम से गणित और विज्ञान विषयों में दक्ष बनाया जाएगा।
इस पहल के तहत विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित (एसटीईएम) से जुड़े विषयों की पढ़ाई कराई जाएगी। इसके लिए खान अकादमी के सहयोग से ऑनलाइन कोचिंग की व्यवस्था की जा रही है। हर विद्यालय में एक शिक्षक को नोडल बनाया जाएगा, जो छात्रों का पंजीकरण कराने से लेकर उनकी ऑनलाइन कक्षाओं की निगरानी तक की जिम्मेदारी निभाएंगे। पंजीकरण के बाद छात्रों को आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे मोबाइल के माध्यम से कभी भी निशुल्क पढ़ाई कर सकेंगे। इसके अलावा विद्यालयों में उपलब्ध स्मार्ट क्लास और आईसीटी लैब के जरिये भी छात्रों को ऑनलाइन कोचिंग दी जाएगी। इस व्यवस्था से छात्रों की विषयों में समझ बेहतर होगी और उनकी अभिरुचि भी बढ़ेगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि एसटीईएम कार्यक्रम के विस्तार के तहत यह सुविधा शुरू की जा रही है, जिससे छात्रों को आधुनिक शिक्षा पद्धति से जोड़कर बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकेंगे।