बस्ती। शहर में देह व्यापार का नेटवर्क अब पारंपरिक नहीं रहा। तकनीक के सहारे यह धंधा हाईटेक रूप ले चुका है। रेस्टोरेंट और होटल की आड़ में चल रहे इस अवैध कारोबार का खुलासा तब हुआ जब पुलिस ने हाल ही में एक रेस्टोरेंट में छापा मारकर देह व्यापार में लिप्त युवतियों और संचालकों को गिरफ्तार किया।
जांच में सामने आया कि ग्राहकों और संचालकों के बीच संपर्क सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, व्हाट्सएप ग्रुप और डेटिंग एप के जरिए होता था।
ग्राहकों की पसंद और समय तय होने के बाद लोकेशन किसी रेस्टोरेंट या हाईवे के किनारे स्थित होटल में तय की जाती थी ताकि शक न हो। भुगतान ऑनलाइन ट्रांजैक्शन या ई-वॉलेट से किया जाता था। पुलिस को मोबाइल चैट, कॉल डिटेल और डिजिटल ट्रांजैक्शन से नेटवर्क के सबूत मिले हैं। साइबर सेल ने अब ऐसे ऑनलाइन रैकेट की निगरानी शुरू कर दी है। अधिकारी मानते हैं कि अपराधी अब तकनीकी प्लेटफॉर्म का सहारा लेकर देह व्यापार को ऑनलाइन सर्विस के रूप में चला रहे हैं।
सूत्रों का कहना है कि इन गिरोहों की मुखिया कई बार महिलाएं ही होती हैं जो खुद को इवेंट ऑर्गनाइजर या स्पा संचालक बताकर धंधे को छिपाती हैं। उनके साथ कुछ पुरुष सहयोगी भी रहते हैं। ग्राहकों की मांग पर बाहर से युवतियों को बुलाया जाता है। जानकारों का कहना है कि कुछ स्थानीय पुलिसकर्मियों की भी इनसे मिलीभगत रहती है, जिसके चलते ये गिरोह लंबे समय से सक्रिय हैं। कई बार कार्रवाई की सूचना पहले ही इन धंधेबाजों तक पहुंच जाती है।