बस्ती। जिले में स्वाइन फ्लू और कोरोना के एक-एक मरीज मिले हैं। दोनों मरीजों का इलाज केजीएमयू लखनऊ में चल रहा था। इसके साथ अब जिले में स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से निरोधात्मक कार्रवाई कराई जा रही है। बहादुरपुर ब्लॉक अंतर्गत जुआजाता गांव के 52 वर्षीय मरीज को मेडिकल कॉलेज बस्ती में लीवर की समस्या के कारण भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर उसे केजीएमयू के लिए रेफर कर दिया गया। वहां पर इलाज के साथ उसका कोरोना का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया था। 29 जून को मरीज को डिस्चार्ज कर दिया गया। 29 जून को उसकी कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं गौर ब्लॉक के बभनान कस्बे के बभनगांवा खुद निवासी 44 वर्षीय महिला में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। किडनी में इंफेक्शन होने पर उसे केजीएमयू लखनऊ में भर्ती कराया गया था, वहां सैंपल लेने पर स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई, फिलहाल महिला स्वस्थ है। इससे पहले शहर के दो लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। सीएमओ डॉ. राजीव निगम का कहना है कि संबंधित गांव व मोहल्ले में निरोधात्मक कार्रवाई कराई जा रही है। संवाद