बस्ती जिले में लालगंज थाना क्षेत्र के देईसांड मार्ग पर भोगीपुर महाविद्यालय के निकट अचानक सामने नीलगाय आ जाने से बाइक की टक्कर हो गई। गंभीर रूप से घायल बाइक चालक की जिला अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।
थानाक्षेत्र के दुबौली खुर्द निवासी 28 वर्षीय मनोज कुमार शनिवार रात दईसाड़ बाजार से सामान लेकर बाइक से घर जा रहे थे। बानपुर मार्ग पर भोगीपुर महाविद्यालय के निकट अचानक नीलगाय सामने से आ गई। जिससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। हेलमेट न पहनने के कारण मनोज के सिर में गंभीर चोटें आ गईं।
उधर से गुजर रहे राहगीरों में से किसी ने पहचान लिया और मनोज के घर वालों को इसकी सूचना दी। परिजन आनन फानन में बनकटी- पीएचसी ले गए। जहां फार्मासिस्ट पीसी पांडेय ने हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। वह चार भाइयों में सबसे बड़े थे।