वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के पकड़ी अधीन गांव में स्थित एक बिस्कुट बनाने के कारखाने में बुधवार सुबह बंद कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत हो गई। उसके साथ सो रहे दूसरे व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां से बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया।
बिहार के वैशाली जिले के भगवानपुर थानाक्षेत्र के सांथा निवासी संजय (35) पुत्र विशेषर व वहीं के तस्लीम (55) पकड़ी अधीन स्थित बिस्कुट की फैक्ट्री में काम करते थे। वहीं पर बने एक कमरे में दोनों रहते थे। पुलिस के मुताबिक मंगलवार रात दोनों कमरा बंद कर सो गए। कमरे में अलाव भी जला रखा था।
बुधवार सुबह जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो बाकी काम करने वाले कर्मचारियों को संदेह हुआ। इसके बाद सूचना पुलिस को दी गई। थानेदार योगेश सिंह ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद था। किसी तरह दरवाजा को खोला गया तो संजय और तस्लीम अचेत अवस्था में पड़े थे। आनन-फानन में दोनों जिला अस्पताल ले जाया गया।
यहां संजय को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे की हालत भी गंभीर देख बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया है। सूचना परिजनों को दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह पूरी तरह साफ हो सकेगी।