पांडेय बाजार रेलवे क्रॉसिंग पर लगा जाम संवाद
पुरानी बस्ती। कभी जिले का मुख्य शहर और व्यापार का प्रमुख केंद्र रही पुरानी बस्ती इन दिनों जाम, संकरी व जर्जर सड़कों और बदहाल नालियों की समस्या से जूझ रही है। पुरानी बस्ती और गांधीनगर के बीच रेल लाइन के पूर्वी छोर पर फ्लाईओवर का निर्माण चल रहा है। पूर्वी फाटक बंद होने से दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है।
पांडेय बाजार क्रॉसिंग समेत आसपास के प्रमुख मार्गों पर हर कुछ मिनट में ट्रेन गुजरने के कारण वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। बैरिकेडिंग के बीच वाहन फंसने से स्थिति और गंभीर हो जाती है। ट्रेन आने पर यातायात रोकना पड़ता है, जिससे कुछ ही देर में दोनों ओर वाहनों की कतार लग जाती है। त्योहारों का सीजन शुरू होने के साथ बाजार में खरीदारों और वाहनों की संख्या बढ़ गई है। गणेश चतुर्थी और हरतालिका तीज के मौके पर सोमवार को भी कई स्थानों पर यातायात प्रभावित रहा। व्यापारियों को अब दुर्गा पूजा और दीपावली के दौरान भी जाम बढ़ने की चिंता है।