- हर्रैया पुलिस ने चेकिंग के दौरान पकड़ा
- बिना नंबर प्लेट की बुलेट भी कब्जे में ली
महराजगंज (बस्ती)। हर्रैया पुलिस ने सोमवार देर रात चेकिंग के दौरान एक युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से 980 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से बिना नंबर प्लेट की बुलेट भी कब्जे में ली है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
कोतवाल तहसीलदार सिंह के अनुसार, थाना क्षेत्र के मुर्दहवा पुल के पास रात करीब 1:30 बजे संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक युवक को रोककर तलाशी ली गई, उसके पास से गांजा बरामद हुआ। आरोपी ने अपनी पहचान नितेश साहू उर्फ रोहित निवासी ग्राम मिर्जापुर, थाना हर्रैया के रूप में बताई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले से मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त रहा है और उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2025 में उसके खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस ने आरोपी पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।