भाई की हत्या का आरोपित बेलाड़ी से गिरफ्तार
नगर बाजार (बस्ती)। क्षेत्र के सिसवारी बदन सिंह में फावड़े के बेंट से पीटकर भाई की हत्या करने के आरोपित रामवृक्ष को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। कलवारी रोड पर बेलाडी ओवर ब्रिज के पास उसे बुधवार की सुबह पकड़ा गया।
नगर थाना क्षेत्र के ग्राम सिसवारी बदन सिंह निवासी रामवृक्ष पर आरोप है कि उसने अपने भाई हनुमान (38) के सिर पर फावडे़ के हत्थे से वार कर दिया था। आरोपित के भाई की मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि बेलाडी ओवर ब्रिज के पास रामवृक्ष खड़ा है। उसके बाद थानाध्यक्ष संतोष कुमार, एसआई चंद्रकांत पांडेय अपने सहयोगियों के साथ पहुंचे और उसे गिरफ्तार कर लिया।
एसओ के अनुसार, पूछताछ में रामवृक्ष ने बताया है कि उसके बडे़ भाई हनुमान शराब पीने के आदी थे। वह आए दिन नशे में धुत होकर घर आते थे और परिवार वालों को गालियां देते थे। झगडे़ से तंग आकर आवेश में उसने घर में रखे फावडे़ के हत्थे से भाई के सिर पर वार कर दिया था। गैर इरादतन हत्या की धारा में केस दर्ज करके पुलिस तफ्तीश कर रही है।