नगर थानाक्षेत्र के भेलवल गांव की घटना
संवाद न्यूज़ एजेंसी
नगर बाजार (बस्ती)। नगर थाना क्षेत्र के भेलवल गांव में मोटरसाइकिल सवार टप्पेबाजों ने साफ करने के बहाने महिला का जेवर लेकर चंपत हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस उनका पता लगाने के लिए जगह-जगह नाकाबंदी करके पूछताछ करती रही। लेकिन टप्पेबाजों का कहीं पता नहीं चला।
नगर थाना क्षेत्र के भेलवल निवासी मौसम गुप्ता पुत्री जयमंगल गुप्ता ने पुलिस को बताया कि बृहस्पतिवार को दोपहर लगभग दो बजे मोटरसाइकिल सवार दो लोग आए। उन दोनों ने पाउडर से गहने साफ करने की बात कही। मौसमी के मुताबिक उसकी मां ने उंगली में पहनी हुई सोने की अंगूठी को साफ करने के लिए दे दिया। जिसे उसने साफ करके दे दिया। उसके बाद मेरी मां ने कान पहना झाला, मंगलसूत्र व हमारी बहन खुश्बू ने अपने कान में पहनी हुई बाली उसे साफ करने के लिए दे दिया। साफ करने वाले ने उसे एक पैकेट में रख दिया और कहा कि इसे 20 मिनट बाद निकाल लेना, वह साफ हो जाएगा। यह कहकर वह मोटरसाइकिल पर सवार होकर चले गए। बीस मिनट बाद जब पैकेट खोला गया तो उसमे कंकड़ था। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि डायल 112 पर इसकी सूचना पीड़िता ने दिया था। मौके पर पुलिस टीम गई थी। वहां लगे सीसी टीवी फुटेज को चेक किया गया। उसमें इस तरह का कोई संदिग्ध नहीं दिखा। मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है। फिर भी जांच की जा रही है।