बस्ती। संविधान दिवस पर 26 नवंबर को विद्यालयों में संविधान की प्रस्तावना और मूल कर्तव्यों का पाठन कराया जाएगा। इसके साथ ही छात्रों के बीच संविधान से संबंधित क्विज प्रतियोगिता आयोजित होगी। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बृहस्पतिवार को दीवानी न्यायालय के सेंट्रल हॉल में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से बैठक की गई। इसमें विभिन्न विद्यालयों के करीब 100 नोडल अध्यापकों ने हिस्सा लिया।
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर आयोजित बैठक जनपद न्यायाधीश शमसुल हक के मार्गदर्शन और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव देवेंद्र कुमार प्रथम के निर्देशन में हुई। सचिव ने विद्यालयों में संचालित संविधान संवाद कार्यक्रम की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान नोडल अध्यापकों ने भी अपने विचार साझा किए। सचिव ने बताया कि 26 नवंबर को सुबह नौ बजे विद्यार्थियों को संविधान की प्रस्तावना और मूल कर्तव्यों का पाठन कराया जाएगा।
सुबह 9:20 बजे तक कानूनी सहायता और हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में जानकारी दी जाएगी। सुबह 11 से दोपहर 12 बजे तक कक्षा नौवीं-दसवीं और 11वीं-12वीं के विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग क्विज प्रतियोगिता होगी। दोपहर 12 बजे प्रधानाचार्य लीगल कैडेट कॉर्प की घोषणा करेंगे। दोपहर एक बजे प्रतियोगिता का परिणाम घोषित किया जाएगा। दोनों वर्गों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
बैठक में चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल कौशल किशोर श्रीवास्तव, डिप्टी चीफ शैलजा पांडेय और असिस्टेंट नीतिश कुमार श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को निशुल्क कानूनी सहायता, परामर्श और नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में जानकारी दी। सचिव ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और नोडल अध्यापकों से संविधान दिवस के कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।