ओमान में नगर बाजार के शटरिंग मिस्त्री की मौत
नगर बाजार (बस्ती)। ओमान शहर में काम करने वाले कस्बे के दक्षिण टोला निवासी 26 वर्षीय महेंद्र सोनकर की साइट पर हुए हादसे में मौत हो गई। शटरिंग का काम करने वाले महेंद्र के ऊपर सीमेंट व मोरंग के मसाले से भरी बाल्टी गिर जाने से यह हादसा हुआ। नौ मई को हुए हादसे के बाद से परिवार के लोग शव आने का इंतजार कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि लॉकडाउन की वजह से उसका शव घर नहीं लाया जा सका।
महेंद्र सोनकर मार्च में ही शटरिंग का काम करने ओमान गया। नौ मई रविवार को शटरिंग की साइट पर क्रेन से बॉकेट में भरकर सीमेंट व मोरंग बिल्डिंग के ऊपर चढ़ाया जा रहा था। तभी ऊपर से बॉकेट टूटकर महेंद्र के ऊपर गिर गई। महेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। महेंद्र के पिता साधू सोनकर ने बताया कि किसी तरह उसके जाने के लिए रुपये का प्रबंध करके ओमान भेजा था, ताकि घर की माली हालत सुधर जाए। रविवार को कंपनी से फोन आया कि महेंद्र की मौत हो गई। लालगंज थानाक्षेत्र के महादेवा में महेंद्र की शादी तय हुई थी।